Powered by: Motilal Oswal
2026-06-24 05:18:32 pm | Source: आईएएनएस
भारतीय शेयर बाजार ने फिर से भरी उड़ान, सेंसेक्स में 791 अंकों की उछाल; निफ्टी 24,000 के पार
भारतीय शेयर बाजार ने फिर से भरी उड़ान, सेंसेक्स में 791 अंकों की उछाल; निफ्टी 24,000 के पार

पिछले दिन की गिरावट के बाद बुधवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार शानदार बढ़त दर्ज करते हुए हरे निशान में बंद हुआ। इस दौरान निफ्टी 50 और सेंसेक्स में 1 प्रतिशत से ज्यादा तक की तेजी देखने को मिली।

बाजार बंद होने पर सेंसेक्स 790.54 अंक यानी 1.04 प्रतिशत बढ़कर 76,991.22 पर बंद हुआ, तो वहीं निफ्टी 50 197.55 अंक यानी 0.83 प्रतिशत बढ़कर 24,021.65 पर पहुंच गया।

दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने 76,229.76 पर खुलकर 77,190.37 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 50 23,795.80 पर खुलकर 24,090.05 का दिन का हाई टच किया।

व्यापक बाजार में, निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 0.10 प्रतिशत और 0.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेक्टरवार देखें तो निफ्टी आईटी और निफ्टी रियल्टी ने 2 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी बैंक और निफ्टी प्राइवेट बैंक ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। वहीं, निफ्टी ऑटो और निफ्टी मेटल में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 50 में सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाली कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, अदाणी एंटरप्राइजेज, टेक महिंद्रा, ट्रेंट और बजाज फाइनेंस शामिल थीं, जबकि बजाज ऑटो, एनटीपीसी, ओएनजीसी, टाटा स्टील और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर टॉप लूजर्स की लिस्ट में शामिल रहीं।

एक बाजार विशेषज्ञ के अनुसार, निफ्टी 50 दिनभर बढ़त के साथ कारोबार करता रहा और 0.83 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,022 के स्तर पर बंद हुआ। यह तेजी खास तौर पर इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले के सत्र में निफ्टी में 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली थी। डेली चार्ट पर निफ्टी ने एक मजबूत बुलिश कैंडल बनाई है, जिससे अल्पकालिक करेक्शन की आशंकाएं कम हुई हैं।

तकनीकी रूप से देखें तो निफ्टी ने दोबारा अपने 50-दिवसीय एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज (ईएमए) के ऊपर जगह बना ली है। वहीं, रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (आरएसआई) में भी सुधार देखने को मिला है, जो बाजार में खरीदारी की वापसी और सकारात्मक मोमेंटम का संकेत देता है।

वहीं, मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स का निफ्टी के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन यह संकेत देता है कि निवेशकों की भागीदारी सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापक स्तर पर खरीदारी बनी हुई है।

विशेषज्ञ के मुताबिक, आने वाले कारोबारी सत्रों में निफ्टी के लिए 24,140 से 24,170 का स्तर तत्काल प्रतिरोध (इमीडिएट रेजिस्टेंस) के रूप में काम कर सकता है। यह क्षेत्र 100-दिवसीय ईएमए के आसपास स्थित है। यदि निफ्टी इस स्तर के ऊपर टिकने में सफल रहता है, तो इसमें 24,300 और उसके बाद 24,450 तक की तेजी देखने को मिल सकती है।

वहीं, गिरावट की स्थिति में 23,900 से 23,870 का क्षेत्र तत्काल समर्थन (इमीडिएट सपोर्ट) माना जा रहा है। जब तक निफ्टी इस स्तर के ऊपर बना रहता है, तब तक बाजार की समग्र दिशा सकारात्मक बनी रहने की संभावना है।

Disclaimer: The content of this article is for informational purposes only and should not be considered financial or investment advice. Investments in financial markets are subject to market risks, and past performance is not indicative of future results. Readers are strongly advised to consult a licensed financial expert or advisor for tailored advice before making any investment decisions. The data and information presented in this article may not be accurate, comprehensive, or up-to-date. Readers should not rely solely on the content of this article for any current or future financial references. To Read Complete Disclaimer Click Here

Top News

News Not Found

Tag News

News Not Found

More News

News Not Found